आईआईटी दिल्ली, बॉम्बे, कानपुर, मद्रास, खड़गपुर, बीएचयू, रुड़की, धनबाद, हैदराबाद, मंडी, रोपड़, जोधपुर, गांधीनगर, गुवाहाटी समेत अन्य दिग्गज प्रौद्योगिकी संस्थानों में एक दिसंबर से कैंपस प्लेसमेंट सत्र शुरू होने जा रहा है।
देश के इन दिग्गज प्रौद्योगिकी संस्थानों में कैंपस प्लेसमेंट एक दिसंबर से शुरू होकर मई तक चलेगा। दो चरणों में चलने वाले इस कैंपस प्लेसमेंट सत्र में देशी-विदेशी आईटी, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, एनालॉटिक्स, फाइनेंस क्षेत्रों की कंपनियां टेलेंट के आधार पर भारतीय छात्रों का चयन करेंगी।
आईआईटी दिल्ली, बीएचयू, गुवाहाटी, मद्रास समेत अन्य आईआईटी के कैंपस प्लेसमेंट अधिकारियों का कहना है कि एक दिसंबर को कैंपस प्लेसमेंट का पहला सत्र शुरू हो जाएगा। कैंपस प्लेसमेंट सेल से लेकर बीटेक प्रोग्राम के छात्र भी एक दिसंबर के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आईआईटी प्रबंधन को उम्मीद है कि कैंपस प्लेसमेंट के पहले ही दिन पहले ही राउंड में लाखों-करोड़ों रुपये के पैकेज के साथ छात्रों को ऑफर मिलने शुरू हो जाएंगे। कैंपस प्लेसमेंट सेल इस प्लेसमेंट राउंड के लिए कई दिनों से तैयारियां कर रहे थे। छात्रों की कमियों को दूर करने के लिए विशेष काउंसलिंग भी करवायी गई, ताकि इंटरव्यू में किसी प्रकार की कोई कमी न रह जाए।
हिंदी और गैर हिंदी राज्यों के छात्रों के लिए विशेष ट्रेनिंग सेशन भी चलाए गए हैं, ताकि इंग्लिश भाषा किसी प्रकार से कैंपस प्लेसमेंट में बाधा न बन सके। इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में छात्रों को प्लेसमेंट ऑफर के अलावा प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी शामिल होंगे।
आईटी सेक्टर में लगातार बढ़ रही मांग
आईआईटी कैंपस प्लेसमेंट में लगातार आईटी सेक्टर टॉप पर चल रहा है। आईटी सेक्टर में सबसे अधिक रोजगार के मौके उपलब्ध होने के कारण सबसे अधिक छात्रों को आईटी कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर मिलते हैं। एक अनुमान के मुताबिक, 35 से 32 फीसदी तक आईटी, इंजीनियरिंग के कोर एरिया में 29 से 31 फीसदी, मैनेजमेंट में 10 से 11 फीसदी, कंस्लटेंसी में 14 से 15 फीसदी, एनालॉटिक्स में 9 से 10 फीसदी तो फाइनेंस में चार से पांच फीसदी को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
यह कंपनियां प्लेसमेंट में रहेंगी खास
ब्लूमबर्ग लंदन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, सैमसंग, एडोब, वॉलमार्ट, बोस्टन, मैकेंजी, गोल्डमैन सॉक्स स्प्रिंकलर, पेटीएम, अमेजन,कैशफ्री, इसरो, फिल्पकार्ट,क्वालॅकॉम,रिलायंस जियो, कैपजेमिनी, विस्काडिया, सेरेमॉर्फिक एडवर्ब, एलएडटी आदि नाम शामिल हैं। छात्रों को विदेशी कंपनियों के साथ भारत समेत हांगकांग, जापान, मिडिल-ईस्ट, साउथ कोरिया, ताइवान, यूएस आदि देशों में काम करने का मौका मिलेगा।