कभी राजनीतिक गलियारों और ऊंची शख्सियतों की सवारी रही एंबेसडर ब्रांड को हिंदुस्तान मोटर्स ने बेच दिया है। यूरोप की दिग्गज ऑटो कंपनी प्यूजो ने इसे सिर्फ 80 करोड़ रुपये में खरीदा है।
सीके बिड़ला समूह की कंपनी ने एंबेसडर ब्रांड को प्यूजो एसए (पीएसए) को बेचने का सौदा कर लिया है। हिंदुस्तान मोटर्स ने कहा है कि ट्रेड मार्क समेत एंबेसडर ब्रांड को प्यूजो को बेचने का सौदा कर लिया गया है।
पिछले महीने पीएसए समूह ने भारतीय बाजार में प्रवेश करने के लिए सीके बिड़ला समूह के साथ डील की थी, जिसके तहत शुरुआत में करीब 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाना है। इस राशि से तमिलनाडु में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाया जाएगा। इस प्लांट में हर साल 1 लाख वाहन बनाने की क्षमता होगी।
पीएसए समूह तीन ब्रांड प्यूजो, सिट्रॉन और डीएस के तहत वाहनों की बिक्री करता है। यह समूह पहले प्रीमियर समूह के साथ भारत में साझेदारी कर चुका है। हालांकि 2001 में दोनों कंपनियों का ज्याइंट वेंचर प्यूजो पीएएल खत्म हो गया था। इसके बाद भी पीएसए ने भारतीय बाजार में प्रवेश करने की नाकाम कोशिश की थी।