महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार को अंबाजोगाई-लातूर रोड पर एक ट्रक तथा राज्य परिवहन निगम की एक बस में भिड़ंत हो गई। हादसे में चार व्यक्तियों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना नंदगांव गांव के पास हुई जब लातूर से औरंगाबाद जा रही बस, एक अन्य वाहन से आगे निकलने के चक्कर में ट्रक से भिड़ गई। अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक मशीनें लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रहा था।
बरदापुर पुलिस थाने के निरीक्षक अशोक खरात ने कहा कि बस चालक समेत चार लोगों और एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 72 वर्षीय एक महिला भी शामिल है। घायल हुए 14 लोगों को अंबाजोगाई के स्वामी रामानंद तीर्थ सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पांच की हालत नाजुक है।
गुजरात : दो वाहनों की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 10 घायल
वहीं, गुजरात के अहमदाबाद जिले के ढोलका कस्बे के पास दो वाहनों की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। पीड़ितों की आयु 27 से 48 वर्ष के बीच है। ढोलका शहर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना शनिवार देर रात राज्य राजमार्ग पर हुई, जब वैन के यात्री वडोदरा से बोटाद जिले के एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार मिनीवैन ने पीछे से दूसरे वाहन को टक्कर मार दी। वैन में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 10 अन्य घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना में मारे गए लोगों में वैन चालक भी शामिल है।