सोमवार रात को दुनिया भर में फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम का सर्वर अचानक डाउन हो गया। रात करीब 9.15 बजे तीनों के सर्वर डाउन हो गए जिससे यूजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब छह घंटे बाद तक यूजर्स इन तीनों प्लेटफॉर्म्स को इस्तेमाल नहीं कर पाए। हालांकि तड़के साढ़े चार बजे फेसबुक ने ट्वीट करके सेवाएं फिर से बहाल हो ने की जानकारी दी। इसके साथ ही कंपनी यूजर्स को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी। आउटेज की यह समस्या पैदा होने पर लोग न तो मैसेज भेज पा रहे थे और न ही उन्हें कोई मैसेज मिल रहा था।
वेब और स्मार्टफोन दोनों पर नहीं कर रहा था काम
वेब और स्मार्टफोन दोनों पर ही वाट्सएप और इंस्टाग्राम काम नहीं कर रहे थे। एंड्रायड, आईओएस और वेब प्लेटफॉर्म सभी पर ये दिक्कत आ रही थी। लोगों को न नए संदेश मिल रहे थे और न ही वे किसी को संदेश भेज पा रहे थे। इसी तरह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर न्यूजफीड रिफ्रेश पर 'रिफ्रेश नहीं कर सकते' का संदेश आ रहा था।
डाउन डिटेक्टर (DownDetector) पर लोगों ने वाट्सएप के काम नहीं करने की शिकायत की। इंस्टाग्राम और फेसबुक को लेकर भी यूजर्स ने यही शिकायत की। संदेश न भेज पाने से यूजर्स को मुश्किलें आ रही हैं। डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम के मुताबिक एंड्रॉयड और आईओएस यूजर्स ने यह समस्या महसूस की और करीब 50 हजार लोगों ने सर्वर डाउन होने की शिकायत दर्ज कराई।
लोगों ने इन प्लेटफार्म पर आ रही समस्या की जानकारी ट्विटर पर दी। तीनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म के डाउन होने के बारे में 8.5 लाख ट्वीट किये गए। व्हाट्सएप ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर बताया कि आईटी टीम इस समस्या को दूर करने के लिए काम कर रही है। हालांकि फेसबुक की ओर से कोई बयान नहीं आया।