ईपीएफओ का प्रोविजनल (अनंतिम) पेरोल डाटा शुक्रवार को जारी किया गया। इसमें बताया गया है कि इस साल जून महीने में मई के मुकाबले ग्राहकों की शुद्ध संख्या में इजाफा हुआ है।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) का प्रोविजनल पेरोल डाटा शुक्रवार को जारी हुआ। इसमें संगठन के जून महीने में ग्राहकों का लेखा-जोखा बताया गया है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने इसे लेकर कहा कि ईपीएफओ का यह डाटा जून 2021 के दौरान 12.83 लाख शुद्ध पेरोल परिवर्धन के बढ़ते रुख की ओर संकेत करता है। मंत्रालय ने कहा कि महीने-दर-महीने डाटा के विश्लेषण से पता चलता है कि इस साल मई के मुकाबले जून में शुद्ध ग्राहकों में 5.09 लाख का अतिरिक्त इजाफा हुआ है।
विज्ञापन
मंत्रालय ने बताया कि जून में जोड़े गए 12.83 लाख शुद्ध ग्राहकों में से करीब 8.11 लाख पहली बार ईपीएफ योजना की समाजिक सुरक्षा कवरेज के तहत आए हैं। इस दौरान करीब 4.73 लाख ग्राहक ईपीएफओ के तहत आने वाले संस्थानों में नौकरी बदलकर ईपीएफओ से बाहर निकल गए थे, लेकिन ये फिर ईपीएफओ में शामिल हो गए। वहीं, लिंग-वार विश्लेषण से पता चलता है कि जून में नई महिलाओं ग्राहकों की कुल संख्या 2.56 लाख रही, जो मई 2021 के मुकाबले लगभग 79 हजार अधिक है।