विमानन नियामक एजेंसी (डीजीसीए) ने विदेश जा रहे यात्रियों को सलाह दी है कि उन्हें टिकट का किराया संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट पर जांच लेना चाहिए क्योंकि मेटासर्च इंजन कई बार सही किराया नहीं बताते। भारत में गूगल व स्काई स्कैनर जैसे कई मेटासर्च इंजन काम करते हैं।
डीजीसीए ने ट्वीट किया, जब यात्री प्रस्थान से गंतव्य तक की यात्रा के टिकट की कीमत जानने का प्रयास कर रहे होते हैं तब मेटासर्च इंजन कभी-कभी कई एयरलाइन की सेवाओं को जोड़ कर किराया बताते हैं, जिससे किराया अधिक लगता है।
गृह मंत्रालय के अंतर राज्यीय परिषद सचिवालय में सचिव संजीव गुप्ता ने शिकायत की थी कि 26 अगस्त के लिए दिल्ली से लंदन की उड़ान का ब्रिटिश एयरवेज में इकोनॉमी क्लास का किराया 3.95 लाख रुपये था। नागर विमानन मंत्रालय ने स्पष्टीकरण दिया था कि अगस्त के दौरान दिल्ली से लंदन की उड़ान का इकोनॉमी क्लास का किराया 1.03 लाख से 1.47 लाख रुपये के बीच था।