अरब सागर के दवाब क्षेत्र में बना शाहीन, शाम तक ले लेगा भयंकर चक्रवात का रुप।
- फोटो : social media
मौसम विभाग ने बताया कि अरब सागर में बने दवाब के क्षेत्र ने अब शाहीन का रूप ले लिया है और आज शाम तक इसके एक भयंकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। राहत की बात यह है कि यह चक्रवात भारतीय समुद्री तट से दूर जा रहा है। उत्तर-पूर्वी अरब सागर और इसके आस पास बनने वाला चक्रवाती तूफान शाहीन 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अब अरब सागर के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की ओर बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार यह दवाब 12 घंटों के भीतर चक्रवात का रूप ले लेगा और 36 घंटो के भीतर पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़कर पाकिस्तान के मकरान की तरफ चला जाएगा। इसके बाद इसके वापस से दक्षिण-पश्चिम की दिशा लेते हुए ओमान की खाड़ी की ओर होते हुए ओमान के तट की ओर जाएगा, जहां से यह चक्रवात कमजोर पड़ जाएगा।
गुलाब का ही अगला रूप है शाहीन
शाहीन चक्रवात को हाल ही में आए गुलाब चक्रवात का ही रूप बताया जा रहा है। गुलाब कुछ ही दिनों पहले 26 सितंबर को पूर्वी तट से टकराया था। इस चक्रवात की रफ्तार मध्य भारत की ओर बढ़ते हुए कम हो गई थी। इसके असर से तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और गुजरात आदि क्षेत्रों में बारिश हुई थी। इसके बाद इसका बचा हुआ हिस्सा अरब सागर की ओर बढ़ गए थे जहां इसने शुक्रवार को शाहीन का रूप ले लिया।
यह बहुत कम ही देखने को मिलता है कि बंगाल की खाड़ी में बनने ने वाला एक चक्रवात किसी देश के इतने बड़े क्षेत्र को पार कर पश्चिमी तट तक पहुंचे और फिर से एक नए चक्रवात का रूप ले ले।