मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मंगलवार को केरल की 15 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया। सूची में पूर्व मंत्री केके शैलजा और टीएम थॉमस आइजैक के नाम भी शामिल है। इसके गठबंधन के साथियों भाकपा और केरल कांग्रेस (एम) ने पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। माकपा के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने उम्मीदवारों की सूची का एलान किया।
विज्ञापन
इन्हें दिया गया टिकट
माकपा ने देवस्वओम मंत्री के. राधाकृष्णन सहित अपने चार मौजूदा विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा है। अभिनेता से विधायक बने मुकेश और वी. जॉय को भी लोकसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। इसके अलावा लोकसभा सांसद एएम आरिफ और राज्यसभा सदस्य ई. करीम को भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल किया गया है।
केरल में लोकसभा की 20 सीट
बता दें कि केरल में लोकसभा की 20 सीट है। भाकपा ने केरल की चार लोकसभा सीट के लिए सोमवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इनमें से वायनाड सीट से पार्टी ने वरिष्ठ नेता एनी राजा को उतारा गया है। यहां से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी फिलहाल सांसद हैं।