केरल में कोरोना संक्रमण को देखते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसके बाद कोरोना प्रतिबंधों को और भी ज्यादा सख्त कर दिया गया है।
केरल में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण भयावह होता जा रहा है। राज्य में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को यहां 26 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए नियमों को और कड़ा कर दिया गया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई एक समीक्षा बैठक में राज्य में कई अन्य प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। नए नियमों के तहत अब लगातार तीन दिनों तक 40 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले शैक्षणिक संस्थान दो सप्ताह के लिए बंद रहेंगे। सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक, नए नियम मंगलवार से प्रभावी होंगे।
संक्रमण के आधार पर हुआ जिलों का वर्गीकरण
राज्य सरकार ने संक्रमण के प्रसार के आधार पर जिलों को ए, बी और सी में वर्गीकृत किया है। ए श्रेणी के अंतर्गत आने वाले जिलों में नियमों में ढील दी गई है। यहां के लोग सार्वजनिक सभाओं व अन्य कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं जबकि, बी व सी श्रेणी के जिलों में ऐसी किसी भी सभा की अनुमति नहीं है।
विज्ञापन
सी श्रेणी के जिलों में कड़े प्रतिबंध
सी श्रेणी में आने वालों जिलों में सबसे अधिक व कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। यहां पिक्चर हॉल, थिएटर, स्विमिंग पूल व जिम को बंद रखा गया है। शिक्षण कार्य ऑनलाइन रखा गया है।