भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमण ने बुधवार को संकेत दिया कि जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में फिर से कोर्ट रूम सुनवाई शुरू हो सकती है। एक मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी से कहा, हम एक सप्ताह या 10 दिनों के बाद फिजिकल सुनवाई कर सकते हैं।
चीफ जस्टिस रमण ने ट्राई टैरिफ से संबंधित मामले की सुनवाई के दौरान वर्चुअल सुनवाई के दौरान आने वाली कुछ समस्याओं को साझा किया। चीफ जस्टिस ने कहा, सुनवाई से पहले मुझे कुछ बातें कहनी हैं। हमने देखा है कि वकील एक साथ विभिन्न अदालतों में बहस कर रहे हैं।
कृपया एक अदालत में ध्यान दें। इसके अलावा अच्छी गुणवत्ता वाले वाईफाई और डिवाइस का उपयोग करें। आप पहली अदालत के सामने पेश हो रहे हैं और आप महत्वपूर्ण बहस कर रहे हैं। कभी-कभी हम आपको देख या सुन नहीं पाते हैं। हम एक सप्ताह या 10 दिनों के बाद कोर्ट रूम सुनवाई कर सकते हैं। सनद रहे कि कोविड-19 की वजह से मार्च, 2020 से सुप्रीम कोर्ट में वर्चुअल माध्यम से सुनवाई हो रही है।