केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में अब तक लगाई गई कोरोना टीके की खुराकों की संख्या 51 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। 10 करोड़ का आंकड़ा छूने में भारत को 85 दिन लगे थे। वहीं, 20 करोड़ के निशान पर हम 45 दिन में पहुंचे। 20 से 30 करोड़ तक पहुंचने में 29 दिन का समय लगा। 30 से 40 करोड़ तक 24 दिन में पहुंचे। छह अगस्त को देश में टीकाकरण ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार किया। तीन दिन से भी कम समय में एक करोड़ टीके लगे।
बता दें कि भारत में देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। शुरुआती चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया गया था और दो फरवरी से अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों का टीकाकरण शुरू हुआ था। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से शुरू हुआ था, जिसमें 60 साल से अधिक आयु के व्यक्तियों और 45 वर्ष से अधिक आयु के उन व्यक्तियों का टीकाकरण शुरू किया गया जो किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।
एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू कर दिया गया था। इसके बाद सरकार ने निर्णय लिया कि एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग टीकाकरण के लिए पात्र होंगे।
असम में कोरोना वायरस संक्रमण की सकारात्मकता दर में गिरावट आने के बाद आंशिक कर्फ्यू की समय सीमा में बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने सोमवार को कहा कि आंशिक कर्फ्यू अब शाम छह बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। यह आदेश 10 अगस्त को सुबह पांच बजे से लागू हो जाएगा।
ओडिशा: पंडालों-मंडपों में पूजा के लिए दिशानिर्देश
वहीं, ओडिशा सरकार ने अगस्त, सितंबर, अक्तूबर और नवंबर महीनों में त्योहारी सीजन को देखते हुए मंडप और पंडालों में पूजा के आयोजन को लेकर दिशानिर्देश जारी किए हैं। दिशानिर्देशों के अनुसार पूजा कार्यक्रम सार्वजनिक स्थलों पर नहीं किए जा सकेंगे। धार्मिक स्थलों में कोविड प्रोटोकॉल्स के तहत कार्यक्रमों को अनुमति होगी।
पंडालों व मंडपों में पूजा आयोजित करने के लिए आयोजक को संबंधित अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। पंडालों और मंडपों को तीन ओर से ढका रखना होगा। मूर्ति का आकार चार फीट से अधिक नहीं होना चाहिए। जनता के लिए दर्शन की अनुमति नहीं होगी। पंडालों और मंडपों में मौजूद सभी व्यक्तियों को मास्क पहनना होगा और शारीरिक दूरी का पालन करना होगा।
मिजोरम में 281 नए मामले, एक संक्रमित की मौत
मिजोरम में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 281 नए मामले दर्ज किए गए। यह 12 जुलाई के बाद की सबसे कम संख्या है। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 44,520 हो गई है, जिनमें 32,206 ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा एक संक्रमित की मौत होने के बाद अब तक कोरोना के चलते यहां कुल 168 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में अब कोरोना के 12,146 सक्रिय मामले हैं।