देश में कोरोना के मामले डराने लगे हैं। इस बीच महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 949 नए मामले सामने आए। इस दौरान 912 मरीज ठीक हुए। पिछले 24 घंटों में छह लोगों की मृत्यु दर्ज हुई। अभी राज्य में कोरोना के 6118 मामले सक्रिय हैं।
इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने भी एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि जहां तक संभव हो भीड़ या सामूहिक समारोहों से बचना चाहिए। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बिमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को ज्याद सतर्क रहने की जरूरत है। यदि ऐसी स्थिति बने कि भीड़ में जाना या सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करना जरूरी हो जाए तो मास्क जरूर लगाएं और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। एक-दूसरे से दूरी बनाकर रहें।
इससे पहले देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सात हजार 633 नए मामले मिले हैं। जहां नए मामलों में कमी आई है। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार सुबह तक देश में कोरोना के 61 हजार 233 मरीज सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार,11 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। देश में अब तक कोरोना की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 4,48,34,859 हो गई है।
वहीं, इससे मरने वालों की संख्या 5 लाख 31 हजार 152 पहुंच गई। सबसे ज्यादा चार मौतें दिल्ली में हुईं। वहीं, हरियाणा, कर्नाटक और पंजाब में एक-एक व्यक्ति की कोरोना से जान गई। मृतकों की संख्या में केरल की तरफ से भी चार मौतों का इजाफा किया गया है। देश में फिलहाल दैनिक संक्रमण दर 0.14 फीसदी दर्ज किया गया है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की दर 98.68 फीसदी है। कोरोना से सही होने वालों की संख्या 4,42,42,474 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत दर्ज की गई।