वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि स्टार्टअप को सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पर पंजीकृत कराना चाहिए, ताकि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों और एजेंसियों को भी सेवा एवं उत्पाद की आपूर्ति कर सकें।
राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार समारोह के मौके पर गोयल ने कहा, 2016 में सरकारी खरीद के लिए इस पारदर्शी प्लेटफॉर्म की शुरुआत हुई थी और अब तक 4,000 स्टार्टटप पंजीकृत हो चुके हैं।
जेम पर कुल कारोबार कई लाख करोड़ तक पहुंच गया है। मैं सभी स्टार्टअप से आह्वान करता हूं कि वे अपने उत्पाद और सेवाओें को जेम पर पंजीकृत कराएं। इससे छोटे स्टार्टअप भी अपनी सेवाएं सरकारी संगठनों, कंपनियों, राज्य सरकार के निकायों, अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों को दे सकेंगे और अपनी कमाई बढ़ा सकेंगे।
इन क्षेत्रों में ज्यादा मौके...गोयल ने कहा कि स्टार्टअप के लिए रेलवे, एयरपोर्ट सेवाओं, खाद्य प्रसंस्करण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्र में काफी मौके हैं। इस दौरान उन्होंने कृषि, शिक्षा, ऊर्जा, वित्त, अंतरिक्ष और सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े 12 क्षेत्रों की 35 कैटेगरी में पुरस्कार दिया।