तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बारिश का कहर है। चेन्नई और आसपास के इलाकों में आज भी मूसलाधार बारिश की संभावना है। राज्य के 20 जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि 11 नवंबर को तमिलनाडु के तिरुवल्लुर, कल्लाकुरिची, सेलम, वेल्लोर, तिरुन्नामलाई, रानीपेट और तिरुपुत्तर जिलों के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश की संभावना है। वहीं तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, चेंगापल्ट्टू, नमक्कल, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश की वजह से कई उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) चेन्नई के डीडीजी एस बालाचंद्रन ने कहा कि अगले 24 घंटों की बात करें तो चेन्नई, तिरवल्लूरस कांजीवरम और रानीपेट जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि जहां तक चेन्नई का सवाल है तो बारिश जारी रहेगी और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हो रही बारिश कल (शुक्रवार) तक कम हो सकती है क्योंकि दबाव जमीन पर आ गया है और धीरे-धीरे अब यह कमजोर होगा। विभाग ने कहा कि आज बारिश की गतिविधि आंध्र प्रदेश में अधिक रहेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि इस कम दबाव के क्षेत्र के 11 नवंबर की शाम को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तट से गुजरने की संभावना है। इस मौसम रुझान की वजह से अगले तीन से चार दिनों तक तमिलनाडु के बड़े हिस्से में बारिश होने की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग ने कहा, यह चेन्नई से लगभग 430 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व और पुडुचेरी से 420 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में स्थित है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 11 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 11 नवंबर की शाम तक इसके तट को पार करने की संभावना है।
तमिलनाडु में एनडीआरएफ की 11 टीमें तैनात
राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की 11 टीमें और एसडीआरएफ की सात टीमें तैनात की गई हैं। एनडीआरएफ की चौथी बटालियन के सीनियर कमांडेंट रेखा नांबियार ने कहा कि हमने तमिलनाडु में 11 टीमों और पुडुचेरी में 2 टीमों को तैनात किया है। पांच और टीमें स्टैंडबाय पर हैं। सभी टीमें सभी प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए उपकरणों के साथ मौजूद हैं। लोगों को सलाह है कि अगर आपके घर में बाढ़ के क्षेत्र में नहीं है तो आप घर के अंदर ही रहें।
बेहोश शख्स को कंधे पर उठाकर लाई इंस्पेक्टर
चेन्नई में टीपी छत्रम पुलिस स्टेशन में तैनात इंस्पेक्टर राजेश्वरी एक बेहोश व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए अपने कंधों पर उठाकर एक ऑटोरिक्शा तक ले गईं। इंस्पेक्टर ने बताया कि मैंने पहले उसे प्राथमिक उपचार दिया फिर उसे उठाकर ले गई। एक ऑटो आ गया था और हमने उसे अस्पताल भेज दिया। मैं अस्पताल गई थी, उसकी मां वहां थी। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि चिंता न करें पुलिस विभाग उनकी पूरी मदद करेगा। डॉक्टर का कहना है कि इलाज चल रहा है और घबराने की बात नहीं है। चेन्नई पुलिस आयुक्त शंकर जिवाल ने इस काम के लिए इंस्पेक्टर राजेश्वरी की तारीफ की है और उन्हें एक शानदार अधिकारी बताया है।
बड़ा हादसा टला
इस बीच गुरुवार को पायलट की सूझबूझ से चेन्नई एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली थी। विमान में 429 लोग सवार थे। फ्लाइट चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरने ही वाली थी कि अचानक करीब 50 मीटर की दूरी से पायलट ने देखा कि रनवे पर पानी भरा हुआ है। इसके बाद पायलट और को-पायलट ने फौरन विमान की लैंडिंग टालते हुए उसे हैदराबाद की ओर मोड़ दिया।
अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना
चक्रवाती तूफान के बनने के परिणामस्वरूप तमिलनाडु में कम से कम अगले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना है। वर्षा विशिष्ट क्षेत्रों में छिटपुट, भारी, बहुत भारी और अत्यधिक भारी और अधिकांश अन्य स्थानों में हल्की से मध्यम होने की संभावना है। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के आयुक्त गगनदीप एस बेदी ने कहा, हम अगले दो दिनों में चेन्नई और उसके आसपास 250 मिमी से अधिक बारिश की उम्मीद है।
अब तक 16 की मौत
तमिलनाडु में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु के लोगों को फिलहाल भारी बारिश से निजात नहीं मिलने वाली है।