आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा (फाइल फोटो)
- फोटो : facebook.com/raghavchadhaca
आम आदमी पार्टी नेता राघव चड्ढा ने पंजाब की चरणजीत सिंह चन्नी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने कहा है कि चन्नी सरकार ने केंद्र के सामने आत्मसमर्पण करते हुए पंजाब के आधे इलाके की शासन व्यवस्था केंद्र सरकार के हाथों में दे दिया है। अब इन इलाकों पर बीएसएफ के माध्यम से केंद्र सरकार शासन करेगी। पार्टी ने इसके लिए चन्नी सरकार की कड़ी आलोचना की है।
आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि केंद्र सरकार यह अच्छी तरह समझ गई है कि पंजाब में वह कभी चुनावी जीत हासिल नहीं कर सकती और इसलिए इस इलाके पर उसका शासन होना संभव नहीं है। इसलिए केंद्र सरकार ने एक राजनीतिक साजिश के तहत बीएसएफ को ज्यादा अधिकार दिए जाने का पैंतरा अपनाया है। अब वह बीएसएफ के जरिए पंजाब के लगभग आधी भूभाग पर शासन करेगा।
चड्ढा ने कहा कि इस तरह का फैसला लेने के चंद दिनों पहले पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके थे। उनकी मुलाकात के चंद दिन बाद ही केंद्र सरकार ने बीएसएफ का अधिकार सीमा के अंदर 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 50 किलोमीटर तक कर दिया। इस मिलीभगत से यह समझ आती है कि इस फैसले के पीछे कांग्रेस भी खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पंजाब के हितों की बजाय अपनी राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के सामने आत्मसमर्पण कर चुकी है।