राहुल गांधी का जलेबी की फैक्ट्री वाला बयान
राहुल गांधी ने हरियाणा में न अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई, बल्कि उन्होंने हरियाणा में जलेबी की फैक्ट्री लगाने की बात तक कह डाली थी। राहुल गांधी ने बाद में कहा, मैंने कार में जलेबी का स्वाद लिया और अपनी बहन प्रियंका को संदेश भेजा कि आज मैंने अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई है। मैं आपके लिए भी जलेबी का एक डिब्बा लेकर आ रहा हूं। उन्होंने बताया कि उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के नेताओं से कहा है कि गोहाना की जलेबी भारत और दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचनी चाहिए। राहुल ने कहा, अगर यह जलेबी देश-विदेश में जाएगी तो शायद उनकी दुकान फैक्ट्री में बदल जाएगी और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। हरियाणा चुनाव के नतीजों से तीन दिन पहले ही राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने स्वादिष्ट मातूराम की जलेबी के बारे में चर्चा की थी और बताया था कि इसे अन्य व्यवसायों के साथ पूरे भारत में कैसे फैलाया जाना चाहिए।
भाजपा के नेता 'जलेबी' पर जमकर ले रहे चुटकी
अब जब हरियाणा में कांग्रेस पार्टी सत्ता नहीं हासिल कर सकी और भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है, तो भाजपा नेताओं की तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जलेबी वाले बयान पर जमकर चुटकी ली जा रही है। इस कड़ी में तमाम भाजपा नेता जलेबी के साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें डाल रहे हैं। लेकिन राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा तो एक कदम आगे निकल गए, वे तो खुद जलेबी बनाते (तलते) हुए दिखाए दिए हैं।
इस कड़ी में पूर्व भाजपा नेता गौतम गंभीर भी आज के दिन जलेबी खाते दिखे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश की मंडी से सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया पर जलेबी की तस्वीर साझा की, इस दौरान उन्होंने हैशटैग हरियाणा इलेक्शन का भी इस्तेमाल किया है। जबकि मध्य प्रदेश भाजपा वीडी शर्मा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने राहुल गांधी की जलेबी बना दी।