सपा नेता के बयान ने आसान किया काम
वहीं, समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने तालिबानों की तुलना स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों से कर दी। इस पर सियासी बवाल खड़ा हो गया और सांसद पर एनएसए की धाराओं में मामला भी दर्ज कर लिया गया। भाजपा को लग रहा है कि समाजवादी पार्टी नेता के इस तरह के बयानों से जनता में उसके विरोध में नाराजगी बढ़ेगी जिसका उसे सियासी लाभ मिल सकता है।
कठोर कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले पांच वर्षों में अपने शासन के दौरान अपनी कठोर प्रशासक की छवि बनाई है। यूपी के अपराधियों पर उन्होंने कठोर कार्रवाई की है। कई शीर्ष अपराधियों की इमारतों को ध्वस्त कर दिया गया है और अनेक अपराधियों के एनकाउंटर कर दिये गए हैं। आज गुरुवार को भी उन्होंने विधानसभा में कहा है कि जो लोग आपराधिक काम करते हुए पाए जाएंगे, यूपी सरकार का बुलडोजर उनके पीछे आएगा। अपनी इस कठोर छवि के कारण जनता के बीच उनकी एक विशेष छवि बनी है। भाजपा को लग रहा है कि उसे योगी आदित्यनाथ की छवि का सियासी लाभ मिल सकता है।
पहले पाकिस्तान, अब अफगानिस्तान
भारतीय जनता पार्टी के गठन के समय से ही पाकिस्तान उसका टॉप मुद्दा रहा है। उसके नेता जब-तब पाकिस्तान के खिलाफ बयानबाजी करते देखे जाते रहे हैं। इन बयानबाजियों ने उसे काफी राजनीतिक लाभ पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर पार्टी के हर छोटे-बड़े नेताओं ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक को देश की बड़ी सफलता बताया है।
अब जबकि अफगानिस्तान में तालिबानी शासन स्थापित हो गया है, और उसके कुछ नेता पूर्व में भारत के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं, कुछ भाजपा नेता अभी से देश से असंतुष्ट लोगों को अफगानिस्तान जाने की सलाह देना शुरू कर चुके हैं। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान और तालिबान भी जल्दी ही भाजपा के चुनावी एजेंडे का हिस्सा बन सकते हैं। अगर इन्हें लेकर सियासी भाषणबाजी बढ़ती है तो पार्टी को इसका लाभ मिल सकता है।