महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने फर्जी दस्तावेज मुहैया कराकर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने वाले एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने कहा कि कहा कि पिछले साल उसके द्वारा उजागर किए गए रैकेट में यह 22वीं गिरफ्तारी है।
पुलिस उप महानिरीक्षक (एटीएस) शिवदीप लांडे ने कहा कि बांग्लादेश के नोआखली निवासी इरशाद शहाबुद्दीन शेख (33) को शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट की सुविधा देने वाले एक रैकेट का पिछले साल एटीएस ने भंडाफोड़ किया था और एजेंसी ने हाल ही में इसी मामले में चेन्नई, बैंगलोर और मुंबई से गिरफ्तारियां की थीं।
लांडे ने कहा कि एटीएस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि शेख शारजाह (यूएई) से आ रहा है, इसके बाद एक टीम दिल्ली पहुंची और हवाईअड्डे से निकलते समय उसे पकड़ लिया।
शेख को शनिवार सुबह मुंबई लाया गया और एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 8 अक्टूबर तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया।
डीआईजी ने कहा कि शेख ने पश्चिम बंगाल में भारतीय पहचान के दस्तावेज हासिल किए और फिर मुंबई में पासपोर्ट हासिल किया। आगे की जांच जारी है।