INDW vs AUSW Day-night Test: एकमात्र डे-नाइट टेस्ट में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 143/4 है। भारत की तरफ से झूलन गोस्वामी और पूजा वस्त्राकर ने दो-दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गोल्ड कोस्ट में कैरारा में खेले जा रहे एकमात्र डे-नाइट टेस्ट में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया मे अपनी पहली पारी 377/8 पर घोषित की। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम की निराशाजनक शुरुआत हुई है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कंगारू टीम ने 60 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 143 रन बना लिए हैं। एलिस पेरी 27 और एश्ले गार्डनर 13 रन बनाकर नाबाद हैं। तीसरे दिन झूलन गोस्वामी और पूजा वस्त्राकर ने दो-दो विकेट झटके हैं। ऑस्ट्रेलिया अब भी भारत से 234 रन पीछे है। बता दें कि भारत ने तीसरे दिन का खेल 276/5 से शुरू किया था।
विज्ञापन
एलिस पेरी के नाम कीर्तिमान
ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी ने खास उपलब्धि हासिल कीं। उन्होंने पूजा वस्त्राकर को आउट कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे किए। पेरी ने पहली पारी में 76 रन देकर दो विकेट झटके। पूजा के अलावा पेरी ने यस्तीका भाटिका का शिकार किया। बता दें कि पेरी ने टेस्ट में 31, वन-डे में 152 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 115 विकेट झटके हैं।