केरल के कोच्चि में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि यहां के कलामस्सेरी में इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी में एक निर्माण स्थल पर हुए मडस्लाइड में चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। इस दौरान दो को गंभीर चोटें भी आई हैं। एक और व्यक्ति अभी भी मलबे के नीचे फंसा हुआ है। तलाशी अभियान जारी है। एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर जफर मलिक ने यह जानकारी दी।
कोच्चि के जिलाधिकारी जफर मलिक ने बताया कि इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों को कलामस्सेरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, शहर के पुलिस आयुक्त सीएच नागराजू ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर काम कर रहे सभी कर्मचारी पश्चिम बंगाल के थे और उनकी पहचान अब तक नहीं हुई है। हादसा दोपहर बाद औद्योगिक क्षेत्र के अंदर खुदाई के दौरान हुआ।
इस बीच स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य स्थानीय निकाय की अनुमति के बिना और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के बिना चल रहे थे। मलिक ने कहा कि यह इलाका विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) के अंतर्गत आता है और सभी अनुमतियां एकल प्रणाली के जरिए दी गई थीं।
सड़क दुर्घटना की चपेट आया बीएसएफ का जवान
भारत-बांग्लादेश सीमा के साथ दक्षिण सलमारा मनकाचर जिले में एक दुर्घटना में बीएसएफ के एक जवान की मौत हो गई और एक अन्य के लापता होने की सूचना मिली। 3 जवानों को बचा लिया गया है। सर्च ऑपरेशन चल रहा है। बीएसएफ ने इसकी जानकारी दी।
बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि हमारा एक वाहन, एक सब-इंस्पेक्टर, तीन जवानों और एक ड्राइवर को लेकर सीमा पर गश्त करते समय अचानक नियंत्रण खो बैठा और 20-30 फीट गहरे पानी में गिर गया। इनमें से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया है। दो लापता लोगों में एक मृत मिला है, लेकिन दूसरा अभी भी लापता है।