असम के नगांव में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर की पिछले साल एक शख्स के साथ सगाई हुई थी। दोनों की इस साल नवंबर में शादी होनी थी लेकिन पुलिसकर्मी को जब यह पता चला कि उसका मंगेतर धोखेबाज है, उन्होंने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
असम पुलिस ने गुरुवार को एक ठग को गिरफ्तार किया है जो कई लोगों को ओएनजीसी (ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चूना लगा चुका है। यहां खास बात यह है कि राणा पोगाग नाम का यह शख्स नगांव में तैनात एक पुलिसकर्मी जुनमोनी राभा का मंगेतर है। महिला पुलिसकर्मी ने ही सच्चाई पता चलने के बाद पोगाग केके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार पोगाग लोगों को बताता था कि वह असम में ओएनजीसी के साथ काम करता है। वह लोगों को कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे पैसे लेता था और फिर गायब हो जाता था। पुलिस का कहना है कि पोगाग कई लोगों को अब तक करोड़ों रुपये की चपत लगा चुका है। वह खुद को नगांव में तैनात सब इंस्पेक्टर जुनमोनी राभा का पब्लिक रिलेशन अधिकारी बताता था।
दोनों की सगाई पिछले साल अक्तूबर में हुई थी और शादी इस साल नवंबर में होनी थी। लेकिन, जैसे ही जुनमोनी को असलियत का पता चला उन्होंने पोगाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। राभा ने कहा कि मैं उन तीन लोगों की आभारी हूं जिन्होंने मुझे पोगाग के बारे में इस बात की जानकारी दी कि वह कितना बड़ा धोखेबाज है। उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ कि समय रहते मेरी आंखें खुल गईं।
विज्ञापन
जुनमोनी राभा का नाम इससे पहले इस साल जनवरी में चर्चा में आया था जब उन्होंने बिहपुरिया विधायक अमिया कुमार भुयां के साथ बात करते समय कानून का उल्लंघन करते पाए भाजपा समर्थकों का पक्ष लेने से इनकार कर दिया था।