Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को विधानसभा में श्वेत पत्र जारी करते समय वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर निशाना साधा और उनकी कोलंबिया के अमीर ड्रग माफिया रहे पाब्लो एस्कोबार से तुलना कर दी।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता वाईएस जगन मोहन रेड्डी को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री रेड्डी की तुलना ड्रग माफिया पाब्लो एस्कोबार से कर दी। नायडू पिछले वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति और मादक पदार्थों की समस्या को लेकर रेड्डी की आलोचना कर रहे थे। कोलंबिया का रहने वाला एस्कोबार दुनिया के सबसे अमीर अपराधियों में एक माना जाता था।
विज्ञापन
राज्य् में कानून-व्यवस्था और गांजे के प्रसार पर एक श्वेत पत्र जारी करते हुए नायडू ने दावा किया कि उन्होंने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी, जो वाईएसआरसीपी प्रमुख रेड्डी के पिछले पांच वर्षों के शासन के दौरान दिखी। उन्होंने राज्य में मादक पदार्थों के कथित खतरे की ओर इशारा करते हुए विधानसभा में कहा, आंध्र प्रदेश में जो कुछ हुआ, उससे केवल एक व्यक्ति की तुलना की जा सकता है और वह है-पाब्लो एस्कोबार।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, एस्कोबार एक ड्रग माफिया था, जिसने अवैध रूप से अरबों डॉलर की ड्रग्स बेची। उसने विरोध करने वाले नेताओं और राजनेताओं को भी मार डाला था। नायडू ने कहा कि एस्कोबार ने ड्रग्स बेचने के लिए एक गलियारा बनाया था और कथित तौर 90 अरब डॉलर कमाए थे।
विज्ञापन
नायडू ने कहा, एस्कोबार दुनिया के सबसे अमिर 'ड्रग लॉर्ड' के रूप में उभरा। उन्होंने उसकी तुलना विपक्षी नेता से की। मुख्यमंत्री ने आगे कहा, कोई व्यक्ति ड्रग्स बेचकर भी सबसे अमीर व्यक्ति बन सकता है। आप व्यापार करके ऐसा कर सकते हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री (वाईएस जगन मोहन रेड्डी) की मंशा क्या थी? उन्हें लगता था कि टाटा, रियालंस और अदाणी जैसे लोगों के पास पैसा है और मैं उनसे ज्यादा कैसे कमा सकता हूं।
एस्कोबार को नार्को आतंकवादी करार देते हुए नायडू ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश में भी इसी तरह की स्थिति वाईएसआरसीपी के शासन के दौरान पैदा हुई थी, जब गांजा कथित तौर पर मुफ्त में उपलब्ध था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य 2019 और 2024 के बीच गांजा राजधानी के रूप में उभरा। नायडू ने कहा कि मादक पदार्थ का खतरा समाज में गहराई तक घुस गया है और आंध्र प्रदेश को बदनाम कर रहा है।