ट्रेनों में कंबल के लिए यात्रियों को अब 300 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। क्या रेलवे का ये फैसला सही है, इसी पर था अमर उजाला का सोमवार का पोल। इस पोल में अधिकांश पाठकों ने अपना जवाब नहीं में दिया है। इनके मुताबिक ऐसा करना सही नहीं है। 72.46% पाठकों ने कहा कि कंबल के लिए 300 रुपये लेना सही नहीं है, जबकि 27.54% ने कहा कि ये फैसला सही है।
सर्दियां करीब, कंबल की होगी जरूरत
दरअसल, कोरोना महामारी की शुरुआत से ही ट्रेन में बेडशीट और कंबल देने की सुविधाएं बंद कर दी गई थीं। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की तरफ से यह फैसला लिया गया था। लेकिन अब सर्दियां बेहद करीब हैं। ऐसे में यात्रियों को कंबल और बेडशीट की जरूरत होगी और इसके लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी।
यात्रियों के लिए तीन किट
ठंड में यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए, दिल्ली और कई रेल मंडलों ने स्टेशन पर ही डिस्पोजल बेड शीट, कंबल जैसी जरूरत की चीजें मुहैया करवाने वाली दुकानों को शुरू किया गया है। इस दौरान यात्रियों के लिए तीन तरह की किट तैयार हैं।
पहली किट में यात्रियों को 300 रुपये देने होंगे। इसमें गैर बुना हुआ कंबल, बेड शीट, तकिया-कवर, बैग, टूथपेस्ट, तेल, कंघी, सैनिटाइजर सैशे, पेपर सोप, टिश्यूपेपर मिलेगा।