महाराष्ट्र के देवलाली पुलिस ने एक 21 वर्षीय लड़के को कथित तौर पर रक्षा इलाके के फोटो खींचने को लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह युवक एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए खींची गई फोटो को पाकिस्तान भेज रहा था। देवलाली नासिक जिले में पड़ता है और यहां तोपखानों का स्कूल, तोपखाना केंद्र और कॉम्बैट आर्मी एविएशन प्रशिक्षण स्कूल जैसे रक्षा प्रतिष्ठान हैं।
शुक्रवार को कुछ सैनिकों ने आरोपी संजीव कुमार को उस समय पकड़ लिया था जब वो अपने मोबाइल फोन से देवलाली कैंप में मिलिट्री अस्पताल इलाके का फोटो ले रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस जगह पर फोटोग्राफी और शूटिंग करने की अनुमित नहीं है।
सैनिक ने इस लड़के का मोबाइल फोन जब्त कर लिया और पूछताछ के दौरान पता चला कि कथित तौर पर एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पाकिस्तान में किसी को यह फोटोग्राफ भेजी हैं। एक पुलिस अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। शनिवार शाम को आरोपी संजीव कुमार को देवलाली पुलिस की हिरासत में भेज दिया।
एक सैनिक की ओर से की गई पुलिस शिकायत के आधार पर आरोपी संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत संजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जानकारी के मुताबिक पिछले एक महीने से संदिग्ध देवलाली कैंप के सैनिक हॉस्पिटल के पास में कंस्ट्रक्शन में मजदूर के तौर पर काम कर रहा था।