कोरोना के बीच महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के मामले भी सामने आने लगे हैं। नागपुर में इन्फ्लूएंजा ए (H1N1) या स्वाइन फ्लू के 16 मामलों का पता चला है। नागपुर नगर निगम के जनसंपर्क विभाग ने यह जानकारी दी है।
विज्ञापन
इस साल नागपुर में इन्फ्लूएंजा ए (H1N1) या स्वाइन फ्लू के कुल 20 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 16 मरीज नागपुर नगर निगम सीमा के हैं और 4 मरीज शहर के बाहर के हैं। स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या पिछले दिनों से बढ़ रही है।
नोडल अधिकारी डॉ. गोवर्धन नवखरे ने बताया कि स्वाइन फ्लू इतनी खतरनाक बीमारी नहीं है, लेकिन यह वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं, उच्च रक्तचाप, मधुमेह के रोगियों के खतरनाक साबित हो सकती है। इसलिए ऐसे व्यक्तियों को इससे सतर्क रहना चाहिए। इस वायरस को देखते हुए नागपुर नगर निगम के अस्पतालों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इसकी जांच निशुल्क की जा रही है।