वाल्मीकि सभा नंगल ने बैठक कर चक्का जाम की भी दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। दो जून को नंगल निवासी और स्वराज माजदा के कर्मचारी राकेश कुमार बैंस से पुलिस लाइन रूपनगर के निकट हुई कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है।पुलिस पर खानापूर्ति के लिए कुछ लोगों के खिलाफ मामले तो दर्ज किए, लेकिन जो इस हमले में कथित तौर पर शामिल थे, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लग रहे हैं।
इस मामले को लेकर श्री वाल्मीकि सभा नंगल और नया नंगल की एक अहम बैठक पार्षद रणजीत सिंह लक्की के नेतृत्व में संपन्न हुई। इसमें भारी संख्या में वाल्मीकि समुदाय से जुड़े लोग शामिल हुए। इस मौके पर उपस्थित पूर्व पार्षद रजिंद्र हंस, पूर्व पार्षद डाॅ. रजिंद्र कुमार, भगवान वाल्मीकि और गुरु रविदास सेना पंजाब के अध्यक्ष एमएस सिद्धू, मदन लाल सिद्धू, वीरेंद्र आदिया, दलवीर पामा, विश्वनाथ मट्टू, रघुवीर सिंह, बलवीर चंद इत्यादि ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर जल्द असल आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज नहीं हुए तो जिला पुलिस प्रमुख के दफ्तर का घेराव करने के अलावा रास्ता जाम भी किया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। रणजीत सिंह ने कहा कि यह घटना दो जून की है और राकेश हंस इस वारदात के बाद से ही कोमा में है। इस मौके पर मास्टर अनिल कुमार, राजेंद्र गिल, अमन सिद्धू, राजवीर, चमन लाल, विजय सहोता इत्यादि भी उपस्थित थे।
फोटो: नारेबाजी करते गुस्साएं वाल्मीकि समुदाय के लोग