आरोपी और उसके चाचा, जीजा और भाई के खिलाफ दी शिकायत, चारों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला के एक गांव की 24 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले युवक सहित उसके भाई, चाचा व जीजा के विरुद्ध केस दर्ज करवाया है। युवक ऊना की एक नामी कंपनी में काम करता है। युवक के अलावा अन्य तीन आरोपियों पर युवती ने गलत काम करने के प्रयास के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के बाद पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि ऊना के तहत पड़ते एक गांव का युवक साढ़े तीन साल से शादी का झांसा देकर जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा है। यह सिलसिला नालागढ़ से शुरू हुआ। जब वह अपनी बहन के साथ नालागढ़ में साथ रहती थी। यहीं पर एक निजी कंपनी में ऊना का एक युवक कार्यरत था। अपने जिला एवं गांव की जान पहचान होने के चलते उक्त युवक बहला-फुसला कर उसे अपने कमरे ले गया। यहां पर शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी यही कहकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। बीच में शिकायतकर्ता गर्भवती भी हो गई, लेकिन युवक ने किसी दवाई का सेवन करवा कर बच्चा गिरा दिया। इस बीच वहां से काम छोड़ युवक ऊना के एक औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में काम करने लगा।
वहीं, जब कुछ दिन पहले युवक के घर शादी की बात करने गई तो उसने साफ मना कर दिया। वहीं, युवक की मिलीभगत से उसके चाचा, जीजा और भाई ने इससे जबरदस्ती की। युवती का आरोप है कि युवक सहित उसके तीनों रिश्तेदारों ने मिलीभगत कर मेरी जिंदगी बर्बाद की है।
युवती की शिकायत पर चारों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।
-संजीव भाटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ऊना