मैहतपुर (ऊना)। भारतीय डाक विभाग राष्ट्रीय स्तर पर पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है। प्रतियोगिता दो श्रेणियों में होगी। 18 वर्ष तक आयु वर्ग के सभी नागरिक तथा दूसरी श्रेणी में 18 वर्ष से ऊपर के सभी नागरिक इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता एक जुलाई से 31 अक्तूबर तक चलेगी। पत्र लेखन का विषय 2047 में मेरी दृष्टि में भारत रखा गया है। इच्छुक को प्रतिभागी ए-4 आकार के पेपर पर अधिकतम 1000 शब्दों में और अंतर्देशीय पत्र पर अधिकतम 500 शब्दों में हिंदी, अंग्रेजी या स्थानीय भाषा में अपने विचार लिख सकेंगे। प्रतियोगिता में केवल हस्तलिखित प्रविष्टियां ही स्वीकार की जाएंगी।
प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियों को 31 अक्तूबर तक अपने निकटतम उप डाकघर में जमा करवा सकेंगे। अधीक्षक डाकघर ऊना मोहन लाल शर्मा ने बताया कि पत्र लेखन प्रतियोगिता के हिमाचल परिमंडल में प्रथम प्रतिभागी को 25,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 10,000 रुपये तथा तृतीय रहने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले प्रतिभागी को प्रथम स्थान पाने पर 50,000 रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले को 25,000 रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 10,000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
अधीक्षक मोहनलाल शर्मा के मुताबिक विद्यार्थी ऊना मुख्य डाकघर में स्कूलों के मुखिया के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां जमा करवा सकेंगे। उन्होंने स्कूल अध्यापकों और अभिभावकों से आग्रह किया है कि बच्चों को इस पत्र लेखन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। संवाद