ऊना। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में पेयजल योजना का निर्माण कार्य शुक्रवार को शुरू हो गया। आईटीआई के लिए लगाई जा रही इस पेयजल स्कीम पर लगभग 35 लाख रुपये खर्च होंगे। छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने इस परियोजना का भूमिपूजन किया।
सतपाल सत्ती ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में पेयजल और सिंचाई योग्य जल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गत साढ़े चार वर्षों के दौरान लगभग 90 करोड़ रुपये की पेयजल व सिंचाई योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए।
उन्होंने बताया कि सरकार ने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए अलग पेयजल योजनाएं बनाई हैं। इसी कड़ी में आईटीआई ऊना को सामान्य पेयजल सप्लाई के स्थान पर अपनी अलग पेयजल सुविधा प्रदान करने के लिए पेयजल योजना का निर्माण किया रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना से लगभग 900 छात्रों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी, उप प्रधान जलग्रां रशपाल सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य यशपाल सिंह रायजादा, अद्वैता फाउंडेशन से मोनिका सिंह, पार्षद उर्मिला देवी सहित आईटीआई का स्टाफ उपस्थित रहा। संवाद