लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने की दिशा में प्रशासन ने शुरू की प्रक्रिया
मशीन के लिए चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट से मंजूर हुए हैं 56 लाख रुपये
नहीं लगाने पड़ेंगे क्षेत्रीय अस्पताल समेत निजी लैब के चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नागरिक अस्पताल अंब मेंं मरीजों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। अस्पताल में नववर्ष से अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू करने का लक्ष्य रखा है। अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद कर इसे अस्पताल में स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना और निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अभी तक नागरिक अस्पताल अंब में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने के बाद नई स्थापित नहीं हो पाई है। इस मशीन के लिए चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट से करीब 56 लाख रुपये का बजट भी मंजूर हो चुका है। नववर्ष से इस सुविधा को शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नागरिक अस्पताल अंब में बीते वर्ष गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड करने की सुविधा शुरू की गई थी। इसके बाद मशीन खराब होने के चलते इस सुविधा को बंद कर दिया गया। इस कड़ी में नई अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। नई मशीन के माध्यम से गर्भवती महिलाओं के अलावा अन्य मरीजों को भी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवाने की सुविधा मिलनी है। वर्तमान में मरीजों को निजी लैब के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नागरिक अस्पताल अंब के अधीन 45 से अधिक ग्राम पंचायतें और नगर पंचायत अंब के स्वास्थ्य का भी जिम्मा है। ऐसे में लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है।
कोट्स
नागरिक अस्पताल अंब के लिए नई अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि आगामी वर्ष से मरीजों को अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का लाभ मिलेगा।
जतिन लाल, उपायुक्त, ऊना