नंगल में अंग्रेजी शराब की तीन पेटियों के साथ पकड़े दो युवकों के साथ पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : Una
ऊना/नंगल। नंगल पुलिस ने रविवार सुबह हिमाचल के मंडी जिले के दो युवकों को चंडीगढ़ मार्का शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवकों के पास अंग्रेजी शराब की तीन पेटियां बरामद की गई हैं।
बताया जा रहा है कि पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए विशेष नाकेबंदी के दौरान एमपी कोठी क्षेत्र में पंजाब पुलिस, सीआईएसएफ और एसएसटी की टीम ने हिमाचल नंबर की एक एक्सयूवी गाड़ी से चंडीगढ़ में बिकने वाली अंग्रेजी शराब की तीन पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान लकी ठाकुर व राकेश कुमार निवासी मंडी हिमाचल के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अपने घर में किसी समारोह के लिए शराब चंडीगढ़ से लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नंगल में चेकिंग के दौरान वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। थाना प्रभारी इंसपेक्टर गुरजीत सिंह व एसएसटी एक्साइज विभाग के प्रभारी सब इंसपेक्टर गुरविंद्र सिंह ने कहा कि पकड़े गए इन दोनों युवकों की एक्सयूवी गाड़ी से महंगे अंग्रेजी ब्रांड की शराब की तीन पेटियां बरामद की गई हैं। इसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।