ऊना। एफ-फार्म न मिलने पर ट्रैक्टर ट्रॉली मालिक लामबंद होना शुरू हो गए हैं। ट्रैक्टर चालकों ने मांगों की अनदेखी पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
ट्रैक्टर ट्राली मालिकों की मांग है कि एफआईआर और गिरफ्तारी के साथ चोरी का मुकदमा दर्ज करना बंद किया जाए। वहीं क्रशर से बजरी और रेत लाने पर एम फार्म भी दिया जाए। यह उन्हें नहीं मिल रहा है। इस वजह से उन्हें दिक्कतें पेश आ रही हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली मालिक संघ के प्रतिनिधि हरविंदर लकी ने कहा कि मांगों की अनदेखी पर अब उन्हें मजबूरी पर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ेगा। कोई भी ट्रैक्टर ट्राली मालिक या चालक हड़ताल के दौरान रेत बजरी लाने का काम न करे और हड़ताल में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि यदि मांगों को स्वीकार नहीं किया गया तो जल्द ट्रैक्टर ट्राली वाली रैली निकालकर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। कहा कि खनन माफिया पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। जबकि ट्रैक्टर ट्राली के जरिये रोजी रोटी कमाने वालों को तंग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्रशर से बजरी और रेत लाने पर एम फार्म नहीं दिया जा रहा है। इससे सरकार को भी राजस्व का नुकसान है। उन्होंने कहा कि खनन विभाग इस मामले में कुछ नहीं कर रहा है। मामला संज्ञान में लाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस संबंध में खनन अधिकारी नीरजकांत ने बताया कि क्रशर और ट्रैक्टर ट्राली दोनों पक्षों को सोमवार को कार्यालय बुलाया गया है। दोनों से इस मसले पर चर्चा कर हल निकाला जाएगा।