संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी होली मेले के तीसरे दिन भारी संख्या में श्रद्धालु डेरा साहिब पहुंचे और धार्मिक स्थलों पर शीश नवाया। जैसे जैसे होली का दिन नजदीक आता जा रहा है, मैड़ी मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है।
स्थानीय बाजार में रौनक बढ़ गई है। शुक्रवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही।
मेला क्षेत्र मिनी पंजाब के रूप में तब्दील होने लगा है। तंबुओं में श्रद्धालुओं की तरफ से लंगरों का भी आयोजन किया जा रहा है। जहां बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। हर तरफ बाबा के जयकारे लगाती संगतें नजर आ रही हैं।
मेला प्रबंधन की तरफ से भी मेला क्षेत्र में हिंदी के साथ पंजाबी भाषा में साइन बोर्ड लगाए गए हैं। डेरा बाबा बड़भाग सिंह बेरी साहिब, गुरुद्वारा मंजी साहिब, कुज्जासर, मंदिर वीर नाहर सिंह में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले में पंजाब, हरियाणा और जम्मू सहित देश के कोने -कोने से श्रद्धालु माथा टेकने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान रीना ठाकुर ने बताया कि मेला शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। एसडीएम अंब मनेश यादव ने बताया कि मेला क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा और कानून व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।