नंगल में क्षतिग्रस्त पुल पर जमा हुए लोग
- फोटो : Una
नंगल। क्षेत्र के अपर ब्रह्मपुर के निकट भाखड़ा नहर के पुल का एक हिस्सा टूट गया है। प्रशासन ने पुल से भारी वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया है। भानुपली-बिलासपुर रेल लाईन के निर्माण से कारण भरकम टिपर इस पुल से गुजरते हैं। पहले भी बीबीएमबी ने भारी भरकम वाहनों को वहां से गुजरने पर रोक लगा दी थी।
ग्रामीणों ने भी रात के अंधेरे में दर्जनों टिपर यहां से गुजरते हैं इसका विरोध किया था। बीबीएमबी के अधिशासी अभियंता राजेश वशिष्ठ, एसडीओ गुलशन कुमार, एसडीएम केशव गोयल और तहसीलदार राम किशन मौके का जायजा लेने पहुंचे। ब्रह्मपुर के सरपंच बृज मोहन ने कहा कि अगर यह पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होता है तो एमपी कोठी से लेकर दड़ौली तक के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
बीबएमबी के अधिशासी अभियंता राजेश वशिष्ठ ने कहा कि नहर के पुलों की जांच की जाती है। इस पुल की भार उठाने की क्षमता 15 टन है लेकिन इस पुल से काफी भारी भरकम ओवर लोडेड टिपर गुजरते हैं। पुल 66 वर्ष पुराना हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द क्षतिग्रस्त हुए पुल को ठीक करवाने का प्रयास किया जाएगा।
तहसीलदार केशव गोयल ने कहा कि मौके का जायजा लिया है। ओवर लोडेड टिपरों के कारण पुल क्षतिग्रस्त हुआ है लेकिन अब इस पुल से ओवर लोडेड टिपर और अन्य भारी वाहनों को नहीं गुजरने दिया जाएगा।