संतोषगढ़ (ऊना)। पुलिस ने टाहलीवाल मार्ग पर स्थानीय नाके के दौरान एक व्यक्ति से लगभग 3.84 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने रोजमर्रा जांच के लिए लगाए नाके के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार संतोषगढ़ पुलिस चौकी की टीम ने संतोषगढ़-टाहलीवाल मार्ग पर नाका लगा रखा था।
इस दौरान टाहलीवाल की ओर से आ रहे बाइक सवार एक व्यक्ति की शक के आधार पर तलाशी ली और इस दौरान आरोपी से चिट्टा बरामद किया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की फिराक में था। वहीं, पुलिस ने शक होने पर उसकी तलाशी के दौरान चिट्टा बरामद किया। चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान संदीप कुमार निवासी जलग्रां तहसील ऊना के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस की टीम ने चिट्टे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपी से जुड़े तस्करों के तार तलाश रही है। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी से चिट्टा माफिया से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। इस संबंध में एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि मामले में जांच जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें। त्वरित कार्रवाई की जाएगी।