संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्र के छठे दिन वीरवार को श्रद्धालुओं की संख्या मंदिर में काफी कम रही। शाम चार बजे तक मात्र छह हजार श्रद्धालुओं ने ही मां के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में भक्तों की संख्या ज्यादा न होने के चलते दोपहर बाद मंदिर बिल्कुल खाली दिखा।
दूसरी ओर मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और दिन में समय-समय पर सेवादारों की ओर से सफाई की जा रही है। दरबार आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पंजाब, दिल्ली, यूपी व हरियाणा राज्य से अधिक है। पांचवें नवरात्रे का मंदिर न्यास को कुल छह लाख 42 हजार 847 रुपये नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
इसके अलावा विदेशी मुद्रा भी मंदिर न्यास को प्राप्त हुई है। नवरात्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धार्मिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह लंगर भी लगाए गए हैं। लंगर संस्थाओं को करीब दो साल बाद लंगर लगाने की अनुमति मिली है। उधर, अभी तक इन नवरात्रों में ट्रैफिक व्यवस्था व सफाई व्यवस्था भी बेहतर दिख रही है।
थाना प्रभारी कुलदीप कुमार भी मंदिर में पहुंचकर पुलिस कर्मियों को उचित दिशा-निर्देश देते नजर आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने मंदिर न्यास के सहयोग से गर्भ गृह के पास एक सीसीटीवी कैमरा स्थापित किया है। उधर, सहायक मंदिर अधिकारी अशोक डोगरा भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते नजर आए। अशोक डोगरा ने कहा कि चैत्र नवरात्रे शांतिपूर्वक चले हुए हैं। कहा कि हालांकि इन नवरात्रों में ज्यादा भीड़ देखने को नहीं मिली है। फिर भी मंदिर न्यास की ओर से श्रद्घालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।