टाहलीवाल (ऊना)। हरोली उपमंडल में शुक्रवार देर शाम दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज हरोली सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टाहलीवाल क्षेत्र में शुक्रवार शाम को स्कूटी सवार रवि कुमार संतोषगढ़ से टाहलीवाल की तरफ जा रहा था। उसके आगे एक मोटरसाइकिल सवार जा रहा था। स्कूटी बेकाबू होकर मोटरसाइकिल से जा टकराई। इस हादसे में स्कूटी सवार रवि को गंभीर चोटें आई और उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया। डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई जबकि बाइक सवार नरेंद्र कुमार पुत्र दास राम निवासी संतोषगढ़ घायल हो गया। मृतक की पहचान रवि कुमार (26) पुत्र दर्शन सिंह, वार्ड-8 निवासी संतोषगढ़ के रूप में हुई है। हरोली के अंतर्गत गांव ललड़ी में एक बेकाबू ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे तीन लोग घायल हो गए। ललड़ी में कबाड़ के गोदाम के पास टाहलीवाल से आ रहे एक ट्रक ने आगे जा रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक ट्रक के नीचे घुस गई और बाइक सवार मेहर सिंह निवासी चंदपुर तहसील हरोली, उसकी बेटी और एक बच्ची घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग तीनों को जिला क्षेत्रीय अस्पताल ले गए। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद पुलिस के पास शिकायत नहीं दी गई। डीएसपी हरोली अनिल कुमार ने बताया कि मामले में जांच चल रही है।