चिंतपूर्णी (ऊना)। शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालु दिल खोलकर चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं। रविवार तक मंदिर न्यास को 92,06,403 रुपये नकद चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विभिन्न विदेशी मुद्रा मां के चरणों में अर्पित की है।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की ओर से नकदी के साथ विदेशी मुद्रा भी चढ़ावे के रूप में दी गई है। इसमें 550 अमेरिकी डॉलर, 510 यूरो, 26 यूएई मुद्रा, 65 न्यूजीलैंड डॉलर, 80 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर, 425 कनाडाई डॉलर और 210 सऊदी रियाल शामिल हैं।