आबकारी एवं कराधान विभाग ऊना ने टैक्स चोरी कर माल लाने वाले व्यापारियों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। विभागीय टीम ने बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की चेकिंग करनी शुरू कर दी है।
नाकों पर विभाग ने लाखों रुपये का सामान बिना बिल का पकड़ा है। व्यापारियों से 1.16 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। ईटीओ संजय चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार विभागीय ने थानाकलां, ऊना एवं झलेड़ा में विभिन्न वाहनों की चेकिंग के दौरान बिना बिल सामान ले जाने पर व्यापारियों से 1,16,500 रुपये जुर्माना वसूला है।
विभाग की टीम ने एईटीओ संजय चौधरी के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक बसों व गाड़ियों की चेकिंग की। इस दौरान रजाइयां, लोहा, रेडीमेट, मूर्तियां व मूंगफली बिना बिल के ले जाने के मामले पकड़े हैं।
विभाग की टीम में संजय चौधरी के अलावा अमित ठाकुर व रामु बडियाल भी शामिल रहे। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से लगातार जिला भर में नाकेबंदी की जा रही है। टैक्स चोरी करने वाले व्यापारियों पर विभाग की पूरी नजर है।