नवरात्रों के चलते सजा माता चिंतपूर्णी का भवन
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। नवरात्र मेले के लिए मां चिंतपूर्णी में प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। पूरे दिन में एक घंटे के लिए रात में मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। रात्रि 11 से 12 बजे तक मां के दर्शन नहीं होंगे। बिना दर्शन पर्ची के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। भजन, कीर्तन, सत्संग, भागवत और अन्य धार्मिक आयोजनों पर मंदिर परिसर में प्रतिबंध रहेगा।
चिंतपूर्णी क्षेत्र में अस्थायी दुकानें नहीं खुल सकेंगी और सूखा प्रसाद ही चढ़ाया जा सकेगा। श्रद्धालुओं को मंदिर में बैठने, खड़े होने तथा इंतजार करने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में झंडा ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पुजारी श्रद्धालुओं को न तो प्रसाद वितरित करेंगे और न ही मौली बांधेंगे।
कन्या पूजन और हवन आयोजन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गर्भगृह में एक समय पर केवल दो पुजारियों को ही बैठने की अनुमति रहेगी। श्रद्धालु शंभू बैरियर की ओर से गेट नंबर 1 और 2 मुख्य बाजार से आते हुए चिंतपूर्णी सदन से प्रवेश करेंगे। वहीं, डीसी राघव शर्मा ने कहा कि नवरात्र मेले के लिए सभी प्रकार की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। सभी नियमों का पालन करें।
बॉक्स
लागू रहेगी धारा 144
नवरात्र मेले के दौरान माता चिंतपूर्णी मंदिर परिसर में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 7 से 14 अक्तूबर तक धारा 144 लागू रहेगी। ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थापित लाऊड स्पीकर के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति को लाऊड स्पीकर के इस्तेमाल करने पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है।