ऊना। जिले में आज यानी शनिवार को बाजार खुले रहेंगे। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी ने दस जनवरी को जारी आदेश में संशोधन करते हुए आदेश जारी किए हैं। चिंतपूर्णी बाजार की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, व्यापार मंडल ने भी विरोध जताते हुए डीसी के समक्ष अपना पक्ष रखा था, अब इसमें बदलाव किया गया है।
बीते दस जनवरी को जारी आदेश के अनुसार वीकेंड पर शनिवार व रविवार को बाजार बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे। इस व्यवस्था में जरूरी सामान वाली फल-सब्जी, दूध डेयरी उत्पाद की बिक्री के लिए पंजीकृत दुकानों को राहत दी गई थी, लेकिन अब शनिवार को बाजार खुले रखने के आदेश जारी किए गए हैं। चिंतपूर्णी बाजार का आधा हिस्सा कांगड़ा जिले में है। जबकि, आधा हिस्सा ऊना जिले में है। कांगड़ा जिला वाली सीमा में शनिवार को बाजार खुले रहने थे और यहां के दुकानदारों ने बाजार खोलने की हामी भी भरी थी।
इस बीच ऊना जिला प्रशासन के आदेश अनुसार शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहने थे। इसके अलावा व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सुमेश कुमार शर्मा ने भी डीसी से बात कर वीकेंड पर ऊना बाजार में भीड़ न होने की बात कही थी। उन्होंने तर्क दिया था कि वीकेंड में भीड़ होने वाले जिलों में बाजार खुले हैं और जहां भीड़ नहीं होती है वहां बाजार बंद करना सही नहीं है।
इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि यह आदेश 24 जनवरी तक लागू रहेंगे। सोमवार से शनिवार तक सभी बाजार शाम 6.30 बजे तक ही खुलेंगे। रविवार को फल-सब्जी, दूध डेयरी की दुकानों को छोड़कर बाकी बाजार बंद रहेंगे। इसके अतिरिक्त सभी रेस्तरां, ढाबे और कैफे रात 10 बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुले रहेंगे। उन्होंने बताया कि यह आदेश होटल व दवाई की दुकानों पर लागू नहीं होंगे।