gurdaspur win monu volleyball pratiyogita in thathal
भरवाईं (ऊना)। मोनू वॉलीबाल आर्मी क्लब की ओर से ठठल में आयोजित मोनू मेमोरियल प्रतियोगिता का खिताब गुरदासपुर ने जीत लिया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में करीब 27 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरदासपुर व ऊना की टीमों के बीच खेला गया। गुरदासपुर की टीम ने दो-एक से ऊना की टीम को हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को 11 हजार रुपये व ट्राफी व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को 71 सौ रुपये व ट्राफी देकर सम्मानित किया।
वहीं, तीसरे नंबर पर रही होशियारपुर की टीम को 3100 रुपये और चौथे नंबर पर रही अंब की टीम को 2100 रुपये व ट्राफी से नवाजा जाएगा। प्रतियोगिता में बेस्ट खिलाड़ी ऊना टीम के सौरव कुमार को चुना गया। जिसे कमेटी ने 1100 रुपये व ट्राफी देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि सुदर्शन सिंह बबलू ने वालीबाल प्रतियोगिता की आयोजन कमेटी 5100 रुपये प्रोत्साहन के रूप में भेंट किए।
साथ ही उन्होंने कमेटी को खेल मैदान में एक सोलर लाइट भी भेंट करने की घोषणा की। इस मौके पर क्लब के प्रधान रविंदर जम्वाल, उपप्रधान प्रमोद जम्वाल, सचिव नरदीप सिंह, सचिव निशांत मनकोटिया, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार व अन्य मौजूद रहे।