ऊना। प्रोफेसर डॉॅ. सीएल गुप्ता की लिखित हिमाचल हिस्ट्री, कल्चर एंड इकोनॉमी पुस्तक में गुज्जर समुदाय की महिलाओं पर लिखे शब्दों को लेकर विवाद हो गया है। गुज्जर समुदाय के जिलाध्यक्ष सुनील चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को गुज्जर समुदाय के लोगों ने डीसी कार्यालय के बाहर रोष जताते हुए नारेबाजी की।
संगठन ने प्रदेश की सभी लाइब्रेरी से उक्त किताब को हटाने की मांग की है। इसको लेकर डीसी राघव शर्मा के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भी सौंपा गया। गुज्जर समुदाय के जिलाध्यक्ष सुनील चौधरी ने कहा कि किताबों में ज्ञान व संस्कृति का पता चलता है, लेकिन इस दौरान किताबों में गुज्जर समुदाय को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉॅक्टर सीएल गुप्ता द्वारा लिखित हिमाचल हिस्ट्री, क्लचर एंड इकनॉमी किताब में गुज्जर समुदाय की महिलाओं अभद्र शब्द लिखे गए, जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। किसी भी लेखक को कोई भी शब्द लिखने से पहले जरूर सोचना चाहिए। सुनील चौधरी ने कहा कि डीसी ऊना के माध्यम प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेज प्रदेश के समस्त लाइब्रेरी से पुस्तक हटाने की मांग की है।
अगर सरकार जल्द इस पर कार्रवाई नहीं करती है तो गुज्जर समुदाय संघर्ष को तेज करेगा। इस अवसर पर जिप सदस्य ओंकार नाथ कसाणा, एसटी मोर्चा भाजपा प्रवक्ता महेंद्र पाल कटारिया, योगराज योगा, मलकीत सिंह, सोहन लाल बीटन, गुरवचण लाल, सतपाल, अश्वनी, धर्म चंद, देसराज, चौधरी दौलत राम, तिलक राज कटारिया, राकेश कुमार, विक्की खेपड़, बालूराम, राजिंद्र कुमार, तिलक राज कटारिया, जगतार सिंह, बलवीर छावला, धनीराम और योगिंद्र पाल सहित अन्य उपस्थित रहे।