ऊना। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत वीरवार को भाषा विभाग ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किया। इस मौके पर नृत्य और गीत-संगीत के माध्यम से प्रतिभागियों ने हिमाचल समेत विभिन्न प्रांतों की लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे। प्रतियोगिता में 14 सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया।
बीएड कालेज समूरकलां की टीम प्रतियोगिता की विजेता बनी। आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा ने दूसरा स्थान और अग्नि भौरा लोक नाट्य दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विजेता रहा दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऊना का प्रतिनिधित्व करेगा। इस अवसर पर एडीसी डा. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि इन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं को हिमाचल प्रदेश की विविध सांस्कृतिक विरासत का ज्ञान भी होगा। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी नीलम चन्देल, ओम प्रकाश शर्मा, सुमन लता, डा. उमा देवी, डा. संजय शर्मा व अन्य मौजूद रहे।