जिला पुलिस ने गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 54 वाहनों के चालान काटे। इनमें से 43 वाहन चालकों से मौके पर ही 11,800 रुपये जुर्माने के तौर पर वसूले गए।
इसके अलावा अवैध खनन करने पर पुलिस चौकी संतोषगढ़ एवं टाहलीवाल के तहत तीन वाहनों को कब्जे में लिया गया है। जबकि, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर छह व्यक्तियों के चालान कर उनसे छह सौ रुपये जुर्माना वसूला। वहीं, घालूवाल चौक में निजी बस चालकों की ओर से की जाई जा रही मनमानी पर रोक लगाने के लिए ट्रैफिक इंचार्ज हरोली शक्तिनंदन के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इसमें 18 वाहनों के चालान काटकर करीब तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। टीम में अमित कुमार, अनिल और अमर शामिल रहे।
शक्तिनंदन ने बताया कि घालूवाल में बस स्टैंड के लिए रेन शेल्टर बनाए गए हैं, जहां यात्रियों के खड़ा होने की पूरी व्यवस्था है। लेकिन, निजी बस चालक इन स्टैंडों पर बसें खड़ा न कर चौक पर ही बसें खड़ी कर देते हैं। इससे बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके अलावा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के भी चालान काटे गए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें।