अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस विभाग का व्यापक अभियान छेड़ दिया है। निजी और सरकारी वाहन चलाने वाले हर चालक की जांच की जा रही है। डीएसपी अंब मनोज जंवाल के नेतृत्व में पुलिस ने मुबारिकपुर क्षेत्र में नाकेबंदी की।
पुलिस विभाग ने सोमवार देर रात नाकेबंदी कर वाहन चालकों के एल्कोसेंसर टेस्ट शुरू किए। इस दौरान पुलिस ने करीब 16 वाहन चालकों के ड्रंकन ड्राइव के चालान किए। डीएसपी मनोज जंवाल ने बताया कि नशे में धुत होकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुबारिकपुर में नाकेबंदी के दौरान 16 चालकों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा किसी को भी नियमों से खिलवाड़ की छूट नहीं दी जाएगी। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।