भरवाईं(ऊना)।
चिंतपूर्णी मंदिर रोड पर स्टेट बैंक के नजदीक बीच बाजार सड़क पर पति-पत्नी में जमकर हाथापाई और मारपीट हुई। जब महिला का पति मौके से भागने लगा तो वह गाड़ी को रोकने के लिए आगे खड़ी हो गई। मियां बीबी के झगड़े को स्थानीय लोगों के साथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालु देखते रहे। वाकया शुक्रवार सुबह 10 बजे पेश आया जब लोनिवि में बेलदार के पद पर तैनात एक व्यक्ति स्टेट बैंक में अपनी तनख्वाह से निकालने बैंक पहुंचा तो पत्नी भी वहां आ धमकी।
जब वह पैसे निकालने वाला फार्म लेकर किसी दुकान पर बैठा था तो पत्नी ने उसे देखते ही हाथापाई शुरू कर दी। पति भागकर किसी और दुकान में छुप गया जबकि पत्नी एक घंटे तक बैंक के बाहर बैठी रही ताकि पति बैंक से पैसे न निकाल सके। जब महिला बैंक से इधर-उधर हुई तो पति चुपचाप बैंक से 22 हजार रुपये निकाल लाया। गाड़ी में बैठकर जैसे ही वह वहां से निकलने लगा तो पत्नी ने उसे पकड़ लिया और चलती गाड़ी के आगे खड़ी हो गई।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का किसी और महिला के साथ चक्कर है और वह अपनी तनख्वाह उस महिला पर लुटा रहा है। महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी दिमागी तौर पर परेशान है और वह आए रोज उस पर झूठे आरोप लगाती है।