नंगल जरियालां में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी कोरोना टैस्ट हेतु सैंपलिंग करते हुए ।
- फोटो : Una
दौलतपुर चौक (ऊना)। विस क्षेत्र गगरेट के तहत गांव नंगल जरियालां में 12 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को 191 लोगों की कोविड सैंपलिंग की गई। इसमें 183 लोगों के आरटीपीसीआर टेस्ट किए। जबकि आठ लोगों के रैपिड टेस्ट किए गए।
इनकी रिपोर्ट निगेटिव रही है। ग्राम पंचायत प्रधान सीमा भारद्वाज और उपप्रधान शौर्य चक्र विजेता कैप्टन सुशील जरियाल ने बताया कि नंगल जरियालां गांव में कुछ दिन पहले कोरोना के 12 केस आने से ग्राम पंचायत ने कोरोना की चेन तोड़ने के लिए ग्रामीणों के टेस्ट करवाने का निर्णय लिया है। इसके चलते मंगलवार को डॉ. यशपाल की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग गगरेट की एक टीम नंगल जरियालां पहुंची और वार्ड नंबर एक में 191 लोगों के टेस्ट किए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी विशेष ख्याल रखा गया और लोगों को उचित दूरी पर बैठाया गया।
गौरतलब है कि नंगल जरियालां पंचायत के वार्ड नंबर एक में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर शनिवार को गांव में धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी। इसे अब आरटीपीसीआर रिपोर्ट आने तक वार्ड नंबर एक तक ही सीमित कर दिया गया है।