ऊना। जिला में फ्रांस और दुबई से लौटे दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव आए मरीजों के सैंपल ओमिक्रॉन की पुष्टि के लिए दिल्ली भेज दिए गए हैं। इसके अलावा मरीजों को उनके घरों में ही होम आइसोलेट कर दिया गया है। विदेश से लौटे लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
जिले में विदेश से लगातार लोग पहुंच रहे हैं। जिनकी निगरानी की जा रही है। हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार इनके सैंपल जांच के लिए भेजेे जा रहे हैं। विभाग की तरफ से कोरोना संक्रमित आने वाले व्यक्तियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा उनके परिवार के सदस्यों को भी होम आइसोलेट कर दिया गया है।
जिला के दौलतपुर क्षेत्र का एक व्यक्ति दुबई से अपने घर पहुंचा। उक्त व्यक्ति दुबई से फ्लाइट लेकर पहले केरल पहुंचा। यहां से उक्त व्यक्ति रेल के माध्यम से ऊना पहुंचा। बुधवार को उक्त व्यक्ति के दौलतपुर पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से उसका आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया। जिसकी बुधवार देर शाम रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। वहीं, जिला में फ्रांस से लौटा एक व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों संक्रमितों के ऑमिक्रोन की पुष्टि के लिए सैंपल दिल्ली भेज दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग एहतियातन परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी आगामी दिनों में लेगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन शर्मा ने बताया कि जिला में विदेश से लौटे दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।