नगर परिषद संतोषगढ़ के वार्ड नंबर एक में दिनदिहाड़े एक घर में चोरी होने का मामला सामने आया है। इसमें घर की दो अलमारी में से 45000 रुपये की नकदी और चांदी के गहने चोरी हुए हैं।
चोरी में एक अलमारी से 35,000 रुपये की नकदी और दूसरी अलमारी से 10,000 की नकदी चोरी हुई है। घर का मालिक विजय कुमार लुधियाना में निजी कंपनी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि घरवालों को चोरी का उसे समय पता चला, जब गैस कंपनी से एक कर्मचारी उनके घर बिल देने पहुंचा। बार-बार बेल बजाने और दरवाजा खटखटाने पर भी किसी ने उत्तर नहीं दिया। दरवाजा खटखटाना की आवाज सुनकर पड़ोसी जब बाहर निकले, तो उन्हें गैस कंपनी से आए कर्मचारियों ने बताया कि घर से कोई भी बाहर नहीं आ रहा है, जबकि घर खुला हुआ है। पड़ोस के लोगों ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा हुआ था। वहीं, घर की अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। घर में रह रही विजय कुमार की पत्नी व पुत्रवधू घर में मौजूद नहीं थे। विजय कुमार की पत्नी खेत में पानी लगाने, जबकि उनकी पुत्रवधू मायके गई हुई थी। बताया जा रहा है कि चोरी में घर से लगभग 45 हजार रुपये की नकदी व चांदी के गहने चोरी हुए हैं।
संतोषगढ़ पुलिस चौकी के अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच कर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो संवाद चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान